अयोध्या: अयोध्या के सरयू नदी (Saryu River) में स्नान करने गए 2 युवक तेज बहाव में बह गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय गोताखोरों (Divers) ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन दूसरे युवक को बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गद्दोपुर अहिरन पुरवा निवासी दोनों युवक सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। टहलते-टहलते दोनों गुप्तार घाट पहुंचे और सरयू में स्नान करने लगे। इसी दौरान अचानक पैर फिसला और दोनों गहरे पानी के तेज बहाव में चले गए। डूबते युवकों को देख घाट पर मौजूद लोगों ने गुहार मचाई। आवाज सुनकर गोताखोर टीम के भगवान दीन निषाद, प्रदीप निषाद, बरसाती और अन्य गोताखोर तुरंत नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने एक युवक को जीवित बाहर निकाल लिया।
वहीं दूसरे युवक को गहरे पानी से निकालने में काफी समय लग गया। मौके पर पहुंची मिरन घाट महिला चौकी इंचार्ज ने उसे तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संतोष यादव (24 वर्ष) पुत्र निवासी गद्दोपुर अहिरन पुरवा के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


