29 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

फर्रुखाबाद को डबल एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी का भरोसा

Must read

– पीएम मोदी-सीएम योगी का बड़ा ऐलान
– 100 किमी लिंक एक्सप्रेसवे से बदलेगी तस्वीर
फर्रुखाबाद। विकास की दौड़ में लंबे समय से पिछड़ रहे फर्रुखाबाद के लिए अब बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बूस्ट सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले को लगभग 100 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ने का वादा दोहराते हुए साफ किया है कि इस परियोजना का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है और यह जल्द धरातल पर दिखने भी लगेगा ।
सरकार के अनुसार यह लिंक एक्सप्रेसवे फर्रुखाबाद को गंगा एक्सप्रेसवे व बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से जोड़ेगा, जिससे जिले की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव आएगा। अब तक जहां जिले के व्यापारियों, किसानों और युवाओं को बेहतर सड़क नेटवर्क की कमी से जूझना पड़ता था, वहीं इस परियोजना के लागू होने के बाद आवागमन तेज होगा, लागत घटेगी और निवेश के रास्ते खुलेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी स्पष्ट किया कि इस परियोजना के लिए किसी अतिरिक्त दबाव या सिफारिश की जरूरत नहीं है। ना ही किसी के पास जाने की जरूरत पड़ेगी यह योजना सीधे उच्च स्तर पर स्वीकृत प्राथमिकता परियोजनाओं में शामिल है और इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
राजनीतिक तौर पर भी यह संदेश अहम माना जा रहा है, क्योंकि फर्रुखाबाद को पहली बार दो-दो एक्सप्रेसवे से जोड़ने की रणनीति पर काम हो रहा है। इससे जिले को न केवल भौगोलिक बल्कि आर्थिक रूप से भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद की सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र भगवान महावीर की तपोभूमि, महर्षि श्रृंघी की परंपरा और बाबा नीम करोली धाम जैसी आस्था स्थलों से जुड़ा है, इसलिए विकास के साथ-साथ इन स्थलों का संरक्षण और संवर्धन भी सरकार की प्राथमिकता में है।
सरकार का फोकस केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इस परियोजना के जरिए पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा देने की योजना है। एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी मिलने के बाद फर्रुखाबाद क्षेत्रीय व्यापार हब के रूप में उभर सकता है, जिससे आसपास के जिलों को भी फायदा होगा।
यह परियोजना अगर तय समय में पूरी होती है तो फर्रुखाबाद की तस्वीर बदल सकती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article