फर्रुखाबाद। जिले में बंदरों के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। थाना कादरीगेट क्षेत्र के मोहल्ला नरकसा में बंदरों के झुंड से घबराकर एक छात्रा पहली मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को परिजन लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला नरकसा निवासी सुनील कुमार की 16 वर्षीय पुत्री पलक चौहान कक्षा नौ की छात्रा थी। बताया गया कि बुधवार दोपहर बाद पलक स्कूल से घर पहुंची थी। घर आने के बाद वह कपड़े बदलने के लिए पहली मंजिल स्थित कमरे में गई। इसी दौरान कमरे में पहले से बंदरों का झुंड मौजूद था। पलक को देखते ही बंदरों ने उसकी ओर हमला कर दिया।
बंदरों से बचने के लिए पलक घबराकर भागी। इसी दौरान हड़बड़ी में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पहली मंजिल से नीचे जा गिरी। छात्रा के नीचे गिरते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पलक को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर रिशु अग्निहोत्री ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
पलक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए। शव घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
बंदरों के बढ़ते आतंक से मोहल्ले के लोगों में भी दहशत है। घटना के बाद लोग अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। बंदरों के हमले से बचने के लिए कई लोगों ने घरों की छतों और खिड़कियों पर लोहे के जाल लगवाना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने बंदरों को पकड़वाने और समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
बंदरों के हमले से घबराई छात्रा छत से गिरी, मौत


