29 C
Lucknow
Friday, May 1, 2026

जिला अस्पताल में ‘सुरक्षा का सिनेमा’: जांबाज गार्ड्स ने दौड़ाकर दबोचा बाइक चोर

Must read

 

अनुराग तिवारी
इटावा। जिला अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की मुस्तैदी का एक शानदार उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब चोरी की नीयत से आए शातिर बदमाशों के मंसूबों को सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम कर दिया। अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी पुष्पेंद्र, शिवेंद्र प्रताप और शौकीन सिंह ने सतर्कता, साहस और फुर्ती का ऐसा परिचय दिया कि पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी दृश्य जैसा प्रतीत हुआ।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में खड़ी एक बाइक को निशाना बनाकर चोर उसे चुराने की कोशिश कर रहे थे। तभी ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर उन पर पड़ गई। खुद को घिरता देख चोर मौके से भाग निकले, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने भी हिम्मत नहीं हारी और तुरंत उनका पीछा शुरू कर दिया। करीब आधा किलोमीटर तक चली इस रोमांचक दौड़ के बाद डीएम चौराहे पर जवानों ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी को धर दबोचा। हालांकि अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी को तत्काल सिविल लाइन्स थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है और फरार साथी की तलाश की जा रही है।
यह पूरा अभियान सैनिक कल्याण निगम के तहत तैनात इन सुरक्षाकर्मियों की जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है। उनकी इस बहादुरी और तत्परता की हर ओर सराहना हो रही है।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक परितोष शुक्ला ने इस साहसिक कार्य पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए घोषणा की है कि शीघ्र ही इन जांबाज़ सुरक्षाकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सतर्कता और साहस से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article