31 C
Lucknow
Monday, September 21, 2026

17 साहित्यकारों का सम्मान, 44 इंटर कॉलेजों को वितरित की गईं पुस्तकें

Must read

हिंदी भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुआ समारोह, सांसद ने अगले वित्तीय वर्ष में फिर बड़े आयोजन की घोषणा की
फर्रुखाबाद। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत सांसद विकास निधि योजना के तहत राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं साहित्य के विकास के उद्देश्य से पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के सभागार में साहित्यकार सम्मान एवं पुस्तक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के 17 साहित्यकारों को हिंदी भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं चयनित 44 इंटर कॉलेजों को पुस्तकें वितरित कर विद्यार्थियों में पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत रहे। विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सहित जनप्रतिनिधि फतेहचंद वर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोदी और भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत मौजूद रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक दीपिका राजपूत ने अतिथियों का पुस्तकों एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय की छात्राओं दुर्गा, राधा, सोनम, वैष्णवी, भूमि, उजाला, सोना शाक्य, शालू और अदीबा ने सामूहिक स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद पद्मश्री महादेवी वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिवओम अंबर ने कहा कि देश के सामने समस्याएं आती रहेंगी, लेकिन सभी को सकारात्मक सोच के साथ उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने सांसद मुकेश राजपूत की सकारात्मक सोच और जनहित में किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि पुस्तक को किस प्रकार पढ़ना है और उससे क्या सीखना है, यह व्यक्ति की सोच पर निर्भर करता है। साहित्यकारों ने अपनी पुस्तकों में अपने अनुभव और विचारों को स्थान दिया है, जिससे समाज को सीख लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यालयों तक पुस्तकें पहुंचाने के प्रयास के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने घोषणा की कि अगले वित्तीय वर्ष में इससे भी बेहतर स्तर पर साहित्यकार सम्मान एवं पुस्तक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुस्तक वितरण अभियान में जो शैक्षणिक संस्थान इस बार छूट गए हैं, उन्हें अगले वित्तीय वर्ष में पुस्तकें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में डॉ. शिवओम अंबर, सुरेंद्र सिंह सोमवंशी, पवन बाथम, बृजकिशोर सिंह, रामावतार शर्मा इंदु, महेश पाल सिंह उपकारी, नलिन श्रीवास्तव, डॉ. गरिमा पांडेय, प्रीति पवन तिवारी, भूपेंद्र प्रताप सिंह, भारती मिश्रा, सुरेंद्र पांडेय, उपकार मणि, वैभव सोमवंशी, उत्कर्ष अग्निहोत्री, स्मृति अग्निहोत्री और विशाल श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। सभी साहित्यकारों को प्रशस्ति-पत्र, सम्मान-पत्र, पुस्तकें एवं शॉल भेंट किए गए।
इसके अलावा जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के सेवानिवृत्त लेखाकार वीरेंद्र कुमार सिंह, कंप्यूटर प्रोग्रामर देवेश सक्सेना, डाटा एंट्री ऑपरेटर पूजा भदौरिया, राजकीय जिला पुस्तकालयाध्यक्ष रविंद्र प्रताप सक्सेना, राजकीय इंटर कॉलेज की उप प्रधानाचार्य आदेश गंगवार तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर नवनीत भारद्वाज को उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए सांसद ने विशेष रूप से सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत सहित पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं को शिक्षा एवं सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रिचा तिवारी, अर्चना गुप्ता, आरती यादव, गुलशन जहां, सरिता त्रिवेदी, दीप्ति सिंह, नीलम कश्यप, निर्मला सिंह, शैलजा मौर्य, रीता, अल्पना द्विवेदी, गरिमा पांडेय, मिनाक्षी भास्कर, गीता देवी, ज्योति और मोनी चौहान को शिक्षक सम्मान-पत्र प्रदान किए गए।
समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में हिंदी भाषा, साहित्य तथा पठन-पाठन के प्रति रुचि विकसित करना और हिंदी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि एवं शिक्षक वैभव सोमवंशी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अभिव्यंजना के समन्वयक भूपेंद्र प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, साहित्यकारों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article