फर्रुखाबाद। शहर की जानी-मानी समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रजनी सरीन के निधन के बाद उन्हें स्थायी श्रद्धांजलि देने की मांग उठने लगी है। समाजसेवी बीजेपी नेता विश्वास गुप्ता ने नगर पालिका परिषद एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि लोहाई रोड का नाम बदलकर “डॉ. रजनी सरीन मार्ग” रखा जाए, जिससे उनकी स्मृतियां सदैव जीवित रह सकें।
विश्वास गुप्ता ने कहा कि फर्रुखाबाद की “मदर टेरेसा” कही जाने वाली डॉ. रजनी सरीन ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, गरीबों की मदद और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया। उनके निधन से शहर ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि डॉ. रजनी सरीन ऐसे प्रतिष्ठित परिवार से थीं, जिसने दशकों तक शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके ससुर स्वर्गीय डॉ. बी.एन. सरीन लगभग 50 वर्ष पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रहे और उनके कार्यों की छाप आज भी शहर के विकास में दिखाई देती है। डॉ. रजनी सरीन भी उसी सेवा और विकास की परंपरा को आगे बढ़ा रही थीं।
विश्वास गुप्ता ने याद दिलाया कि डॉ. रजनी सरीन ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष का चुनाव जीतकर इतिहास रचा था। वह शहर की पहली महिला थीं जिन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव जीता, लेकिन न्यायालय के आदेश के चलते उनके शपथ ग्रहण पर रोक लग गई और वह औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण नहीं कर सकीं। इसके बावजूद उन्होंने जनसेवा का कार्य कभी नहीं छोड़ा और अंतिम समय तक सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रहीं।
उन्होंने कहा कि डॉ. रजनी सरीन के योगदान को देखते हुए भाजपा के जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका परिषद के सभासदों और प्रशासन को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर लोहाई रोड का नाम “डॉ. रजनी सरीन मार्ग” घोषित करना चाहिए। यह केवल एक सड़क का नामकरण नहीं होगा, बल्कि समाज सेवा को सम्मान देने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला निर्णय होगा।
विश्वास गुप्ता ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल उसकी इमारतों और सड़कों से नहीं होती, बल्कि उन व्यक्तित्वों से होती है जिन्होंने समाज को दिशा देने का काम किया हो। डॉ. रजनी सरीन ऐसा ही एक नाम थीं, जिनकी स्मृतियों को सहेजना पूरे फर्रुखाबाद का दायित्व है।
उन्होंने नगर पालिका बोर्ड से इस संबंध में शीघ्र प्रस्ताव लाकर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि शहर की इस महान समाजसेवी को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके।


