फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित मांए मनोकामना देवी मंदिर के सामने लगा कूड़े का ढेर नगर पालिका की अनदेखी की पोल खोल रहा है। मंदिर के ठीक सामने ग्राउंड में गंदगी का अंबार लगा है, जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी ग्राउंड में मोहल्ले के बच्चे खेलते हैं। कूड़े के ढेर पर अक्सर आवारा मवेशी लड़ते रहते हैं, जिससे राहगीरों और बच्चों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। कूड़े और उगी झाड़ियों के कारण ग्राउंड में सांप, बिच्छू व अन्य जहरीले कीड़े-मकोड़े भी निकलते रहते हैं। मंदिर आने-जाने वाले भक्तों और आसपास के निवासियों में हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है।
भक्तों ने बताया कि धार्मिक स्थल के सामने इस तरह की गंदगी आस्था का अपमान है। कई बार नगर पालिका को शिकायत देने के बाद भी सफाई नहीं कराई गई। बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाएगी। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण मंदिर परिसर में खड़ा होना भी मुश्किल है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि नगर पालिका तुरंत कूड़ा हटवाकर ग्राउंड की सफाई कराए और झाड़ियों को कटवाए। साथ ही आवारा मवेशियों को पकड़ने का अभियान चलाया जाए, ताकि कोई बड़ी दुर्घटना होने से पहले ही रोकी जा सके।
राजकीय तिर्वा कॉलोनी देवी मंदिर के सामने लगे कूड़े के ढेर


