नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में यूपी के फतेहपुर से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल के बेटे राहुल की दबंगई का मामला सामने आया है। सड़क पर जाम लगने के दौरान हूटर बजाकर रास्ता बनवाने की कोशिश और फिर प्रशासनिक अधिकारी से अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, राहुल अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। इसी दौरान जब उसकी फॉर्च्यूनर कार जाम में फंस गई, तो उसने वाहन पर लगा हूटर बजाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद एसडीएम Nawazish Khaliq ने नियमों का उल्लंघन देख उसे रोक लिया।
बताया जा रहा है कि रोकने पर राहुल ने एसडीएम से अभद्रता की और कथित तौर पर कहा—“पापा विधायक हैं”, जिससे मामला और गर्मा गया। प्रशासनिक अधिकारी के साथ इस तरह के व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस ने राहुल की फॉर्च्यूनर कार को सीज कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद यह मामला चर्चाओं में है और वीआईपी संस्कृति तथा सत्ता के दुरुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि नियम सबके लिए समान हैं और कानून के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे कोई भी व्यक्ति क्यों न हो।
विधायक पुत्र की दबंगई: जाम में हूटर बजाने पर एसडीएम से अभद्रता, पुलिस ने कार सीज की


