शमशाबाद, फर्रुखाबाद। भाजपा मंडल शमशाबाद की ओर से रविवार को शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर मतदाता सम्मेलन आयोजित किया गया। खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में हुए सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और घर-घर जाकर मतदाताओं को जोड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि शिक्षक और स्नातक वर्ग समाज का प्रबुद्ध वर्ग है। ऐसे में प्रत्येक प्रबुद्ध मतदाता तक पहुंचना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
विधानसभा प्रभारी योगेश सिंह भदौरिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षकों और स्नातकों के हित में काम किया है। कायमगंज की विधायक डॉ. सुरभि ने भी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ने और चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामकिशोर राजपूत, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य कुंअर जीत सिंह और मंडल अध्यक्ष आदेश राजपूत ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। सम्मेलन में भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा का शिक्षक-स्नातक MLC मतदाता सम्मेलन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर


