32 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में सीएम का सपा पर वार

Must read

 

यूपी में हर दिन होता था दंगा, अब दंगामुक्त और माफियामुक्त प्रदेश : योगी

लखनऊ। राजधानी में आयोजित दो दिवसीय यूपी टेक्स-2026 के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ओर उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र उद्योग का केंद्र बनाने का रोडमैप सामने रखा, वहीं दूसरी ओर पिछली सपा सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की पहचान दंगा, कर्फ्यू और माफिया के प्रभाव से जुड़ गई थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है।

योगी ने कहा कि पहले यूपी में हर दिन एक दंगा होता था। कई जगह महीनों तक कर्फ्यू रहता था, बाजार और स्कूल-कॉलेज बंद रहते थे। ऐसे माहौल में आम आदमी, व्यापारी और निवेशक खुद को असुरक्षित महसूस करता था। उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी स्थिति बन गई थी और माफिया खुलेआम बंदूकें लहराते हुए जमीनों पर कब्जे तक कर लेते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास बहाल हुआ है। आज न दंगा है, न कर्फ्यू और न ही माफिया का खुलेआम आतंक। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बेटी, व्यापारी या निवेशक की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।

टेक्सटाइल में यूपी की बड़ी छलांग

टेक्सटाइल सेक्टर की संभावनाओं का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की वस्त्र परंपरा हजारों वर्ष पुरानी है। भदोही की कालीन, वाराणसी का सिल्क और लखनऊ की चिकनकारी देश-दुनिया में अपनी पहचान रखते हैं। सरकार इस विरासत को आधुनिक तकनीक, निवेश, नवाचार और वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर दे रही है।

यूपी टेक्स-2026 का आयोजन 8 और 9 सितंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हो रहा है। सम्मेलन में निवेश, नई तकनीक, उत्पादन, निर्यात और रोजगार के अवसरों पर मंथन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार टेक्सटाइल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियों और प्रोत्साहनों के जरिए निवेशकों को आकर्षित कर रही है।

सरकार के मुताबिक टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीति के तहत अब तक 214 इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किए जा चुके हैं और 157 इकाइयों को 416.75 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। वहीं लखनऊ-हरदोई सीमा पर करीब एक हजार एकड़ में पीएम मित्र पार्क विकसित किया जा रहा है। कई अन्य जिलों में भी टेक्सटाइल पार्कों के लिए भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास देश का बड़ा बाजार, विशाल मानव संसाधन और समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा है। इन ताकतों को आधुनिक उद्योग से जोड़कर प्रदेश को देश ही नहीं, दुनिया के प्रमुख टेक्सटाइल केंद्रों में शामिल करने का लक्ष्य है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article