32 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

फूफाजी नाराज हो जाएंगे’… पीएम मोदी का तंज, पहले फाइलें चलती थीं, अब देश में विकास की रफ्तार

Must read

 

 

 

वडोदरा में 35 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को बताया भारत की जीवनरेखा; बोले- ‘हम चिप से शिप तक बना रहे’

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के लिए एक ही ट्रैक होने से परिवहन की रफ्तार धीमी थी, लेकिन अब देश में माल ढुलाई के लिए अलग कॉरिडोर तैयार किए जा रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा—“अब ये नाराज फूफाजी चिल्लाएंगे कि इन ट्रक वालों का क्या होगा।”

पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तेजी से विकसित हो रहे भारत की जीवनरेखा बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि मुंबई के जेएनपीटी से डबल कंटेनर मालगाड़ी चलने से एक बार में 250 से अधिक ट्रकों के बराबर सामान वडोदरा पहुंचाया जा सकता है। इससे माल की आवाजाही तेज होगी और देश के एक कोने से दूसरे कोने तक सामान पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

‘2014 तक फाइलें ही यात्रा कर रही थीं’

प्रधानमंत्री ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर वर्ष 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक काम की गति बेहद धीमी रही। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “फाइलें टेबल पर यात्रा कर रही थीं, उन फाइलों को भी डेडिकेटेड कॉरिडोर नसीब नहीं हुआ।”

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में काम करने की संस्कृति बदली और अधूरी परियोजनाओं को गति दी गई। करीब 2000 किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा किया गया है।

‘पहले बजट में एक-दो ट्रेन, अब एक के बाद एक नई ट्रेन’

पीएम मोदी ने कहा कि पहले बजट में एक-दो ट्रेनों की घोषणा होती थी और महीनों तक उसका ढोल पीटा जाता था। अब लगातार नई रेल सेवाएं शुरू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि रेल बजट इस वर्ष पौने तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक है। उनके मुताबिक, सड़क, बंदरगाह, हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन जैसी बुनियादी सुविधाओं के निर्माण से रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं।

35 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं पर काम

वडोदरा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं। इनमें पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के 326 रूट किलोमीटर के तीन महत्वपूर्ण सेक्शन भी शामिल हैं, जिन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है।

इसके अलावा 329 किलोमीटर लंबी तीन रेल परियोजनाओं की आधारशिला रखी जा रही है। करीब 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है, जो तेज, आधुनिक और सुगम हो। उन्होंने कहा कि देश अब “चिप से शिप तक” निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Gen-Z से भी सीधा संवाद

वडोदरा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने युवाओं के बीच पहुंचकर संवाद भी किया। हाल के महीनों में युवाओं से सोशल मीडिया और सीधे संवाद के जरिए जुड़ने की उनकी कोशिश भी चर्चा में रही है। लोकसभा चुनाव 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया कि देश के कुल मतदाताओं में 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग की हिस्सेदारी करीब 22.78 प्रतिशत थी।

प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे के दौरान वडोदरा के बाद वे मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में भी शामिल होंगे और डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन तथा नई तकनीक से जुड़े विषयों पर संबोधित करेंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article