नई दिल्ली। सत्य निकेतन में हुए हादसे के बाद राजधानी में भवनों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम ने सख्त कदम उठाया है। अब दिल्ली के सभी क्षेत्रों में स्थित इमारतों का निरीक्षण कराया जाएगा। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भवनों की स्थिति का बारीकी से जायजा लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के आदेश के तहत सभी क्षेत्रों में भवनों की जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान इमारत की मजबूती, उसकी मौजूदा स्थिति और किसी भी तरह के संभावित खतरे का आकलन किया जाएगा। जर्जर या कमजोर भवन मिलने पर उसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
अधिकारियों को जांच की प्रक्रिया पूरी कर 10 सितंबर तक विस्तृत रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी क्षेत्रों से रिपोर्ट मिलने के बाद नगर निगम भवनों की स्थिति की समीक्षा करेगा और खतरे वाली इमारतों को लेकर आगे के कदम उठाए जाएंगे।
सत्य निकेतन हादसे के बाद भवनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए राजधानी में व्यापक स्तर पर यह जांच शुरू कराने का निर्णय लिया गया है। नगर निगम का यह कदम हादसों की आशंका वाले भवनों की पहचान करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


