बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली (Bareilly) में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। आंवला थाना क्षेत्र के लाडपुर गांव में अरिल नदी (Aril River) के तेज बहाव में बाइक सवार तीन दोस्त बह गए। तीनों छोटा पुल पार कर रहे थे, तभी तेज बहाव में बाइक बेकाबू होकर नदी में जा गिरी। बाइक के साथ तीनों युवक भी पानी में बह गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
घटना सोमवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। भारी बारिश के कारण अरिल नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। छोटा पुल पानी में डूबा हुआ था और उसके ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा था। इसके बावजूद तीनों दोस्त बाइक से पुल पार करने लगे। बताया जा रहा है कि पुल पार करते समय तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक फिसलकर नदी में जा गिरी और तीनों युवक भी उसके साथ पानी में गिर गए।
हादसे के बाद तीनों ने काफी देर तक तैरकर किनारे पहुंचने की कोशिश की, लेकिन नदी की तेज धारा के आगे उनकी कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है, लेकिन तीनों युवकों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
नदी में तेज बहाव होने के कारण तलाशी अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं। घटना के बाद लाडपुर गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग नदी के पास जमा हो गए। पुलिस टीम लगातार तीनों युवकों की तलाश कर रही है।


