32 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

दो दिनों से लापता युवक का शव सई नदी में मिला, संदिग्ध मौत से गरमाया रायबरेली, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

Must read

रायबरेली: रायबरेली (Raebareli) में सदर विधानसभा क्षेत्र के भदोखर थाना अंतर्गत ग्राम पूरे रघुरईया, मजरे सरायदामू निवासी शिवम यादव पुत्र सरोज यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो दिनों से लापता शिवम का शव सई नदी (Sai River) में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे की तलाश के दौरान पुलिस ने अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई।

घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिवार का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और तत्काल न्याय चाहिए। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सपा के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने कहा कि शिवम यादव की मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है। दो दिन तक लापता युवक का शव नदी में मिलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए कि लापता होने के बाद शिवम की तलाश में क्या कार्रवाई की गई और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

डॉ. शर्मा ने कहा कि मामले की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करना चाहिए। यदि पोस्टमार्टम और जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और निर्दोष परिवार की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article