– अधिवक्ता अनूप कटियार सहित सैकड़ो साथियों ने दी बधाई
प्रशांत कटियार
फर्रुखाबाद। अपना दल एस के क्षेत्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रामेंद्र कटियार उर्फ रामू के राजनीतिक और सामाजिक कद में एक और अहम उपलब्धि जुड़ गई है। मंगलवार को उन्हें फर्रुखाबाद सदर तहसील के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। अधिवक्ता समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले रामेंद्र कटियार के निर्विरोध निर्वाचन को उनकी सक्रियता और संगठनात्मक पकड़ के तौर पर देखा जा रहा है।
रामेंद्र कटियार पहले से ही कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। वह अपना दल एस के क्षेत्रीय अध्यक्ष, फर्रुखाबाद-कन्नौज जिला सहकारी बैंक के निदेशक तथा सहकारी संघ जहानगंज के अध्यक्ष हैं। अब सदर तहसील के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के बाद उनके जिम्मेदारियों का दायरा और बढ़ गया है।
राजनीतिक गलियारों में रामेंद्र कटियार की पहचान संगठन को मजबूत करने वाले सक्रिय चेहरे के रूप में मानी जाती है। अलग-अलग संस्थाओं और संगठनों में जिम्मेदारी संभालने के कारण उनकी क्षेत्र में लगातार सक्रियता बनी रहती है। अधिवक्ता होने के साथ सहकारिता और राजनीति के क्षेत्र में उनकी मौजूदगी ने उन्हें स्थानीय स्तर पर एक प्रभावशाली चेहरा बनाया है।
सदर तहसील अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद समर्थकों में भी उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों का कहना है कि रामेंद्र कटियार की कार्यशैली और सभी वर्गों के साथ संवाद की क्षमता का लाभ अधिवक्ता समाज को मिलेगा।
एक पद से शुरू हुआ सफर अब कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों तक पहुंच चुका है। अपना दल एस की क्षेत्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले रामेंद्र कटियार के लिए सदर तहसील अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी निश्चित रूप से उनके बढ़ते राजनीतिक कद में एक और अध्याय जोड़ती है।


