फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम अजमतपुर में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार अजमतपुर निवासी 60 वर्षीय वंदावन पुत्र तिलकराम और 45 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र चुन्नूलाल सोमवार रात घायल अवस्था में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लाए गए। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. जय सिंह ने बताया कि दोनों को मारपीट में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।
घायल संजीव कुमार की पत्नी रंजना ने बताया कि परिवार का गांव के मौसेरे भाइयों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते सोमवार रात मौसेरे भाई कुछ अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। वहां कहासुनी के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वंदावन और संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाना मऊदरवाजा में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी मऊदरवाजा अजब सिंह ने बताया कि मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।


