कमालगंज क्षेत्र के गांव रामपुर मांझगांव में जमीन पर पेड़ लगाने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर आठ लोगों ने लाठी-डंडों से दंपती के साथ मारपीट की और घर में घुसकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित समरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 सितंबर की शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी के साथ घर के पास स्थित परचून की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के सर्वेश, धर्म सिंह और भानु ने उनकी जमीन पर पेड़ लगा दिया। जानकारी होने पर समरपाल और उनकी पत्नी ने इसका विरोध किया।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों व टकोरा से दंपती पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों घर की ओर भागे तो आरोपी घर में घुस गए और मारपीट करने के साथ सामान भी इधर-उधर फेंक दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
थाना प्रभारी रामसहाय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि कुछ दिन पहले दूसरे पक्ष के सर्वेश की ओर से भी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।


