– रक्त की कमी से परेशान परिजनों की मदद को आगे आए, चौथी बार किया रक्तदान
उरई, जालौन। राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के ब्लड बैंक में मंगलवार को समाजसेवी कु अजय पाल सिंह ने जरूरतमंद महिला के लिए रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। महिला का बच्चेदानी का ऑपरेशन होना था और ऑपरेशन के लिए एक यूनिट रक्त की आवश्यकता थी। काफी प्रयास के बाद भी रक्त की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी, जिससे महिला के परिजन परेशान थे।
रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिलने पर परिजनों ने रक्तकरिणा डॉ. ममता स्वर्णकार एवं राहवीर (नेक इंसान) अलीम सर से संपर्क किया। इसके बाद समाजसेवी कु अजय पाल सिंह को महिला के लिए रक्त की जरूरत के बारे में जानकारी दी गई। कु अजय पाल सिंह ने बिना देर किए मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचकर महिला के लिए एक यूनिट रक्तदान किया।
कु अजय पाल सिंह ने बताया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज और उसके परिजनों को रक्त के लिए परेशान न होना पड़े।
उन्होंने बताया कि यह उनका चौथी बार रक्तदान है। रक्त मिलने के बाद महिला के परिजनों ने अजय पाल सिंह का आभार जताते हुए उनके इस सहयोग की सराहना की। अजय पाल सिंह को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस दौरान लोगों ने भी रक्तदान को लेकर जागरूक रहने और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।


