36 C
Lucknow
Thursday, May 28, 2026

20 रुपये के विवाद में प्लंबर की हत्या, 13 दिन बाद पुलिस ने खोला सनसनीखेज कांड

Must read

 

आगरा।महज 20 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। थाना सिकंदरा क्षेत्र के सुनारी गांव के पास मिले प्लंबर के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या की पूरी कहानी सामने रख दी है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी अस्पताल में पुलिस हिरासत में बताया जा रहा है। तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार करीब 13 दिन पहले सुनारी गांव के पास खेतों में प्लंबर सुखराम का शव मिला था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
जांच में सामने आया कि घटना की शुरुआत शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी से हुई थी। आरोप है कि 20 रुपये के लेनदेन और गाली-गलौज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी सुखराम को ऑटो में बैठाकर खेतों की ओर ले गए। वहां लात-घूंसों से बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने मामले में आरोपी कन्हैया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं दूसरा आरोपी निखिल राजस्थान भागने के दौरान सड़क हादसे में घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। तीसरे आरोपी धर्मवीर की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे कोई बड़ी रंजिश नहीं बल्कि मामूली विवाद था, जो हिंसक रूप ले बैठा। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और छोटी-छोटी बातों पर होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article