40 C
Lucknow
Saturday, May 16, 2026

प्रेम विवाह बना मुसीबत! ससुराल के अत्याचार से त्रस्त महिला थाने के बाहर गिरी, हुई बेहोश

Must read

फर्रुखाबाद। प्रेम विवाह के बाद एक महिला की जिंदगी में खुशियों की जगह दर्द और संघर्ष ने ले ली। थाना क्षेत्र के ग्राम खानपुर निवासी 23 वर्षीय ज्योति, पत्नी सर्वेंद्र, ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
ज्योति के अनुसार उसने तीन वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही सास, ससुर और जेठ द्वारा लगातार उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि हाल ही में उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके चलते वह मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद कमजोर हो गई। उसने बताया कि पिछले तीन दिनों से उसने ठीक से भोजन भी नहीं किया था।
शुक्रवार को न्याय की उम्मीद लेकर ज्योति राजेपुर थाने पहुंची, जहां महिला डेस्क पर उसने अपनी मौखिक शिकायत दर्ज कराई। लेकिन शिकायत देने के कुछ ही समय बाद, शाम करीब पांच बजे जैसे ही वह थाने से बाहर निकली, अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद उसके पति ने पानी डालकर उसे होश में लाने की कोशिश की। इस दौरान महिला की छह माह की मासूम बच्ची भी उसके साथ थी, जो पूरी घटना के दौरान रोती रही। यह दृश्य देखकर लोगों का दिल पसीज गया।
घटना के संबंध में राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत मिली है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जब इस संबंध में थानाध्यक्ष से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन अपने सरकारी वाहन चालक रविंद्र को सौंप दिया। चालक ने बताया कि मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article