32 C
Lucknow
Saturday, May 16, 2026

विदाई समारोह के बाद घर में छाया मातम, गैस लीक होने पर लगी आग, बच्चों समेत आधा दर्जन झुलसे

Must read

जिला अधिकारी ने मामले में लिया संज्ञान, सीएमओ ने लोहिया अस्पताल पहुंच झुलसे मरीजों के लिए हाल-चाल

आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर दीपक तिवारी ने झुलसे मरीजों के इलाज में नहीं छोड़ी कोई कोर कसर

फर्रुखाबाद। शादी समारोह के बाद घर में चल रही खुशियां अचानक उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब गैस सिलेंडर के लीकेज से भीषण आग लग गई। हादसे में बच्चों समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, आपातकालीन कक्ष में तैनात डॉक्टर दीपक तिवारी ने आनन फानन में सभी झुलसे मरीजों का उपचार शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने घटना को गंभीरता से लेते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार को तत्काल अस्पताल पहुंचकर मरीजों की स्थिति का जायजा लेने और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निर्देश मिलते ही सीएमओ लोहिया अस्पताल पहुंचे और झुलसे मरीजों का हाल-चाल लेकर इलाज की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव जरियनपुर निवासी बहोरन की पुत्री रूबी की शादी थी। शुक्रवार सुबह विदाई के बाद शाम को रिश्तेदार घर पर भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान जैसे ही गैस चूल्हा जलाया गया, प्रेशर पाइप निकल जाने से गैस लीक हो गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
आग की चपेट में आकर शाहजहांपुर के थाना काट क्षेत्र के गांव चकाया निवासी मंजू पत्नी अर्जुन, अनीता पत्नी अनिल, थाना जलालाबाद के गांव नौगामा निवासी राजेश की 8 वर्षीय पुत्री मोनिका, जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबेरपुर निवासी विनोद की 11 वर्षीय पुत्री साक्षी सहित थाना मिर्जापुर क्षेत्र के निवासी नीतू और उसका पति पारस गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तत्पश्चात सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी समेत मेडिकल टीम ने घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी और सभी के बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन ने मामले की जांच के साथ सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article