महोबा। सदर तहसील क्षेत्र स्थित गोरखगिरी पहाड़ पर स्थापित गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पर्यटन विभाग द्वारा गोरखगिरी पहाड़ का सुंदरीकरण कराया गया था। इसी परियोजना के तहत गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। उल्लेखनीय है कि करीब 10 दिन पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना का उद्घाटन किया था।
प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि इतनी कम अवधि में प्रतिमा का क्षतिग्रस्त होना गंभीर लापरवाही का संकेत है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


