फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, जटवारा जदीद स्थित विपिन गार्डन, बांसमंडी पुलिया, अंगूरीबाग में योग एवं राजयोग ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाई-बहनों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर योग और ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी शोभा दीदी ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। नियमित योग और ध्यान से मन शांत, तन स्वस्थ तथा जीवन सुखमय बनता है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
बी.आर. अंबेडकर स्कूल के प्रबंधक देव कुमार शर्मा ने योगाभ्यास कराते हुए कहा कि प्रकृति ने मानव को अमूल्य जीवन और स्वस्थ शरीर प्रदान किया है। हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञ रहते हुए अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए नियमित योग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शरीर के साथ-साथ मन को स्वस्थ रखने के लिए सकारात्मक चिंतन और परमात्मा से जुड़ाव भी आवश्यक है।
सुवालाल मिश्र ने कहा कि मनुष्य को ईमानदारी, मानवता और सकारात्मक सोच के साथ जीवन व्यतीत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान समाज में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रसार कर लोगों को बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा दे रहा है।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी शोभा दीदी, सुवालाल मिश्र एवं रवि शर्मा ने उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया तथा आत्मा और परमात्मा के संबंध की अनुभूति कराई। कार्यक्रम में संगीत एवं प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से योगासन और विभिन्न शारीरिक व्यायाम भी कराए गए।
विपिन गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग एवं ध्यान करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं योग साधकों की उपस्थिति रही।


