जमुई: जमुई (Jamui) में कक्षा 10वीं की छात्रा से कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में गिरफ्तार आरोपी हरेराम यादव को आज बुधवार की शाम कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही अधिवक्ता आकाश पांडेय (Advocate Akash Pandey) ने आरोपी को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में भी काफी आक्रोश देखने को मिला।
पुलिस बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हरेराम यादव को अस्पताल से लेकर निकली थी। कोर्ट के बाहर अधिक भीड़ को देखते हुए उसे तत्काल परिसर में नहीं लाया गया। बाद में मेडिकल रूप से फिट पाए जाने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि पूर्व में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार दो आरोपियों में से हरेराम यादव मेडिकल जांच के बाद पेशी के लिए फिट पाया गया था।
इधर, मामले को लेकर जिला विधिज्ञ संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ के अध्यक्ष सीताराम सिंह और महासचिव अमित कुमार ने कहा कि इस मामले में कोई भी अधिवक्ता आरोपियों की ओर से पैरवी नहीं करेगा। आरोपी को थप्पड़ मारने की बात अधिवक्ता आकाश पांडेय ने स्वीकार की। उन्होंने कहा कि छात्रा के साथ हुई कथित घटना को लेकर उनके भीतर काफी आक्रोश था। उन्होंने कहा, “वकील होने से पहले मैं इंसान हूं। इसी आक्रोश में मैंने आरोपी को थप्पड़ मारा।”
अधिवक्ता आकाश पांडेय ने यह भी कहा कि यदि कानून उन्हें इस कृत्य के लिए सजा देता है तो वह उसे स्वीकार करेंगे। उनके मुताबिक, किसी बेटी के साथ ऐसी घटना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उधर, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आठ सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम भी बुधवार को जमुई पहुंची। महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. कुमारी सोनी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें समर्थन का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि यह पूरी घटना 19 सितंबर की शाम 7 बजे के करीब की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में कुछ युवक कक्षा 10वीं की एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करते दिखे। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य की तलाश जारी है। इनमें मुख्य आरोपी नदंन यादव का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया था। वहीं, उसके साथ आरोपी हरेराम यादव को भी गिरफ्तार किया गया था।


