37.5 C
Lucknow
Sunday, July 12, 2026

सीमेंट उतारते समय ट्रक और दीवार के बीच दबकर युवक की मौत

Must read

 

फर्रुखाबाद। शहर के टाउनहाल-कर्बला रोड स्थित एक सीमेंट की दुकान पर रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में ट्रक और दीवार के बीच दबने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

जानकारी के अनुसार, मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम रामनगर रमना गुलजार बाग निवासी सचिन शाक्य (25) पुत्र संतराम शहर के टाउनहाल-कर्बला रोड चुंगी के पास स्थित शमीम गिट्टी-मोरम वाले की दुकान पर नौकरी करता था। रविवार को दुकान के अंदर मैदान में सीमेंट से भरे ट्रक को बैक कराकर माल उतारा जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक को पीछे करते समय अचानक सचिन ट्रक और दीवार के बीच फंस गया। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। आनन-फानन में उसे परिजन और स्थानीय लोग लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. अमन कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया है कि मृतक सचिन शाक्य अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण इस हादसे से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article