फर्रुखाबाद। शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना नवाबगंज पहुंचकर फरियादियों की जनसमस्याओं एवं शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने एक-एक प्रार्थना पत्र का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पैमाइश और राजस्व से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने तथा नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना समाधान दिवस के दौरान प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, थाना प्रभारी राजीव कुमार, राजस्व विभाग के अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।


