एक युवक का सिर धड़ से अलग
संभल। आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। बहजोई थाना क्षेत्र में बालू लदे बेकाबू डंपर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन महीने की मासूम आराध्या, उसके छह वर्षीय भाई ध्रुव समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।
हादसा जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर सुबह करीब नौ बजे बम्नेटा गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टेंपो अपनी लेन में जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे ई-रिक्शा ने अचानक दूसरी लेन की ओर मोड़ लिया। उसे बचाने के प्रयास में डंपर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टेंपो करीब दस फीट दूर जा गिरा और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को सड़क किनारे पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में रुवैद का सिर कटकर अलग हो गया, जबकि टेंपो चालक सौदान पाल वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने टेंपो काटकर उसे बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार बहजोई निवासी भावना (29) अपने छह वर्षीय बेटे ध्रुव और तीन महीने की बेटी आराध्या के साथ चंदौसी जा रही थीं। उनके साथ भाई पुनीत (22) और भाभी रोहिणी (20) भी थीं। पुनीत और रोहिणी बदायूं से बहन के घर आए थे। टेंपो में पहले से रुवैद, प्रशांत (24) और रामपाल (35) सवार थे। टेंपो सौदान पाल (40) चला रहे थे।
हादसे में आराध्या, ध्रुव, रोहिणी, सौदान पाल और रुवैद की मौत हुई है। बच्चों की मां भावना और उनके मामा पुनीत की हालत गंभीर बताई गई है। प्रशांत, रामपाल और ई-रिक्शा चालक बिट्टू का भी उपचार चल रहा है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बहजोई-चंदौसी मार्ग पर हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच घायलों का उपचार चल रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


