बारिश में कीचड़ और गड्ढों से राहगीर बेहाल
फर्रुखाबाद। सातनपुर मंडी मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से कछुआ गति से चल रहा है। बारिश ने मार्ग की बदहाल स्थिति को और विकराल कर दिया है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण की धीमी रफ्तार से लोगों में जिम्मेदार विभाग और कार्यदायी संस्था के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बारिश होते ही सड़क पर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रह जाता। कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। पैदल राहगीरों को भी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मार्ग का निर्माण कार्य जिस रफ्तार से चल रहा है, उससे जल्द पूरा होना मुश्किल नजर आ रहा है। मंडी क्षेत्र होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, ट्रक और अन्य वाहन आते-जाते हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर जिम्मेदारों की गंभीरता नजर नहीं आ रही।
निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है। बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं कराया गया और अस्थायी रूप से सड़क को आवागमन योग्य नहीं बनाया गया तो परेशानी और बढ़ सकती है।
राहगीरों और स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, जलभराव और कीचड़ की समस्या दूर कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर महीनों तक परेशानी झेलना किसी भी सूरत में उचित नहीं है।


