30 C
Lucknow
Tuesday, August 25, 2026

पूजा के दीपक से लगी आग, पलभर में राख हो गई दो लाख की गृहस्थी

Must read

 

फर्रुखाबाद। शाहपुर-गंगपुर गांव में सोमवार देर रात पूजा के दीपक की लौ ने एक परिवार की वर्षों की गृहस्थी को पलभर में तबाह कर दिया। घर के कमरे में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक परिजनों को इसकी भनक लगी, तब तक कमरे में रखा लाखों का सामान धधक रहा था। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पानी, बालू और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।

गांव निवासी ओमवीर सोमवार रात परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच कमरे से धुआं उठता देखकर परिजनों को आग लगने की जानकारी हुई। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए।

ग्रामीणों ने स्थानीय संसाधनों से करीब एक घंटे तक मशक्कत की। किसी ने पानी डाला तो किसी ने बालू और मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आखिरकार आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक कमरे में रखा गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित ने फायर ब्रिगेड को सूचना नहीं दी।

ओमवीर ने बताया कि कमरे में करीब तीन वर्ष पहले छोटे भाई मोहित की शादी में मिला घरेलू सामान रखा था। आग की चपेट में सोने की अंगूठी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, बेड, तीन हजार रुपये नकद समेत अन्य जरूरी सामान आ गया। शादी में मिले सामान और वर्षों से जुटाई गई गृहस्थी को अपनी आंखों के सामने राख होते देख परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

पीड़ित के अनुसार हादसे में करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। पीड़ित ने घटना की जानकारी प्रशासन को देकर आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article