तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा ममता का साया
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के पुठरी गांव में सोमवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे में 30 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घर में खाना बनाते समय चल रहा फर्राटा पंखा अचानक महिला के ऊपर गिर पड़ा। पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से वह अचेत हो गई। परिजन तत्काल उन्हें डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, पुठरी गांव निवासी काजल (30) पत्नी शेर सिंह सोमवार रात अपने घर की रसोई में खाना बना रही थीं। तभी कमरे में चल रहा फर्राटा पंखा अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया। परिजनों के अनुसार पंखे में करंट उतर आया था, जिससे काजल उसकी चपेट में आ गईं और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें निजी वाहन से डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। वहां तैनात डॉ. अभय श्रीवास्तव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी। मंगलवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतका के जेठ पवन कुमार ने बताया कि हादसा पूरी तरह अचानक हुआ। काजल रोज की तरह खाना बना रही थीं, तभी पंखा गिर गया और करंट लगने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि काजल के पति शेर सिंह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
काजल अपने पीछे पति और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके परिवार में 9 वर्षीय बेटा रोहन तथा 6 वर्षीय जुड़वा बच्चे परी और राघव हैं। मां की असमय मौत से मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं।


