38.7 C
Lucknow
Thursday, June 18, 2026

शादी की खुशियों पर लगा ग्रहण, टेंट से भरा ट्रैक्टर पलटा; 11 घायल

Must read

डीएम-एसपी ने लिया तत्काल संज्ञान, चार गंभीर घायल लोहिया अस्पताल रेफर
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी व क्षेत्राधिकारी

अमृतपुर, फर्रुखाबाद: जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां गुरुवार को अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाना अमृतपुर क्षेत्र के मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर शादी की तैयारियों के दौरान टेंट का सामान लेकर जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पर सवार 11 लोग घायल हो गए, जबकि चार युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर करना पड़ा।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जटपुरा निवासी दिनेश की पुत्री रुचि का विवाह आगामी 20 जून को होना है। बारात थाना मिर्जापुर क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव से आनी है। विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में थीं और टेंट का सामान अमृतपुर से गांव ले जाया जा रहा था। तभी मुजहा-करनपुरदत्त मार्ग पर ट्रैक्टर की स्टेयरिंग अचानक जवाब दे गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में आदित्य, अमित, बृजेश प्रेमी, सुधांशु, शनि, अजय, सिंकू, अंकित, प्रांशु, सत्यम और गौरव घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल अंकित, सनी, प्रांशु और गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अमृतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को घायलों के उपचार और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने भी मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी की।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुल लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी तत्काल मामले का संज्ञान लिया। दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी में घायलों का उपचार कराया जा रहा है।गांव के लोगों का कहना है कि जिस घर में विवाह की खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक हुए इस हादसे ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया है। परिजनों की खुशी पलभर में चिंता में बदल गई। गांव में हर कोई घायलों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर की स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article