कमालगंज संवाददाता 📍
कस्बा कमालगंज में आयोजित विशाल गणेश महोत्सव इन दिनों अपने पूरे शबाब पर है। शुक्रवार को महोत्सव के पांचवे दिन बप्पा का दरबार श्रद्धा और उत्साह से भर गया। रोजाना भोग और संध्या आरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। कस्बे के साथ ही आसपास के दर्जनों गांवों से लोग परिवार सहित पहुंचकर इस धार्मिक उत्सव का हिस्सा बन रहे हैं।
महोत्सव में देर रात तक भक्तिमय कार्यक्रमों की धूम है। शुक्रवार रात आयोजित पूजन अनुष्ठान में आचार्यों की टीम ने यजमानों के साथ मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश का विधि-विधान से पूजन कराया। इसके बाद पांच आरतियों का संगीतमय गायन हुआ। आरती के दौरान पूरा भव्य पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा।
आरती के बाद सांस्कृतिक झांकियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सबसे पहले ‘श्री रघुवर कोमल कमल नयन को पहनाओ जयमाल’ भजन के साथ सीता स्वयंवर की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई। इसके बाद ‘सिंदूरी तन तूने रंग डाला, भक्ति में ये कारज कर डाला’ भजन पर सिंदूरी लीला का मंचन हुआ, जिसे देख श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। अंतिम प्रस्तुति में पागल बाबा की झांकी ने सबको भावुक कर दिया। ‘तुझपे कुर्बान मुरलिया वाले’ भजन पर कई माताएं भावविभोर हो गईं। पूरे समय पंडाल में भक्ति और उत्साह का अनूठा माहौल बना रहा।
इस भव्य पूजन कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की विधायक प्रत्याशी उर्मिला राजपूत,नगर पंचायत अध्यक्ष राजबेटी शंखवार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शीलचंद राजपूत, कमालगंज थाने के एसएसआई संदीप कुमार गौतम और अध्यक्ष अमित गुप्ता, शोभित गुप्ता, रविशंकर गुप्ता, राजीव गुप्ता, सुधांशु विश्नोई, अनूप गुप्ता, अभय गुप्ता, रुद्र गुप्ता, महेंद्र पाठक, शिवकुमार हलवाई.. इत्यादि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए गणेश सेवा समिति की ओर से 36 से अधिक वॉलंटियर और 24 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा और व्यवस्था पर नजर रखने के लिए अमृतपुर सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और कमालगंज थाना प्रभारी राम सहाय सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।प्रसाद वितरण थाना अध्यक्ष महोदय की तरफ से किया गया।
समिति के मुताबिक शनिवार को होने वाले पूजा कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के भी शामिल होने की संभावना है, वहीं प्रांशु दत्त द्विवेदी के भी पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।


