– पुलिस ने संभाली स्थिति
लखीमपुर खीरी। जिले में एक दिन पहले हुए बांकेगंज बवाल की आंच अभी ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि बुधवार सुबह लखीमपुर खीरी के भीरा थाना क्षेत्र में फिर तनाव की स्थिति बन गई। रूपनपुरवा गांव में झंडा लगाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, एक पक्ष ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर वाला नीला झंडा एक धर्मस्थल पर लगा दिया। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और स्थिति टकराव की ओर बढ़ने लगी, जिससे गांव में तनाव फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने विवादित झंडे को हटवाया और दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाकर बातचीत शुरू की। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। ग्रामीणों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है और अफवाहों से दूर रहने को कहा गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले बांकेगंज क्षेत्र में भी बड़ा बवाल हुआ था। वहां मोतीपुर गांव में आंबेडकर प्रतिमा टूटने के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव किया। हालात इतने बिगड़ गए थे कि उपद्रवियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और कुछ गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम पर एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि बांकेगंज की घटना एक ही जाति के दो गुटों के बीच प्रतिमा स्थापना को लेकर हुए विवाद का परिणाम थी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बहाल रखी जा सके।


