29 C
Lucknow
Thursday, August 20, 2026

65 बिंदुओं पर परखी गई सर्वोदय विद्यालय की व्यवस्था, साफ-सफाई सुधारने के निर्देश

Must read

 

फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्रा और जिला होम्योपैथिक अधिकारी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मोहम्मदाबाद का औचक निरीक्षण किया। शासन द्वारा निर्धारित 65 बिंदुओं के आधार पर विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई। निरीक्षण के समय विद्यालय के प्राचार्य, आठ प्रवक्ता और आठ सहायक अध्यापक उपस्थित मिले।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। टीम ने बच्चों की शिक्षण एवं ज्ञान की स्थिति को संतोषजनक पाया। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार सुबह, दोपहर और शाम को नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा कॉपी, ड्रेस, बैग, जूते समेत आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क दी जा रही है।

विद्यालय में पठन-पाठन को बेहतर बनाने के लिए अलग लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है, जिसमें विभिन्न विषयों की करीब 1100 पुस्तकें उपलब्ध हैं। निरीक्षण में बताया गया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से नामित यूपीएसआईडीसीओ एजेंसी के माध्यम से विद्यालय परिसर में अनुरक्षण और रंगाई-पुताई का कार्य कराया जा रहा है।

प्राचार्य ने टीम को बताया कि छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए डाइनिंग हॉल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। विद्यालय में व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए भोजन जांच समिति, पॉक्सो समिति, अनुशासन समिति और शिक्षक-अभिभावक समिति का गठन भी किया गया है।

संयुक्त टीम ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पौष्टिक भोजन और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article