गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक के बाद 18 सीनियर छात्रों को एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी आरोपित छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार जूनियर छात्रों ने ईमेल के माध्यम से कॉलेज प्रशासन को शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजेंद्र हॉस्टल में सीनियर छात्रों द्वारा उनके साथ बदसलूकी और प्रताड़ना की गई। ईमेल में 18 आरोपी छात्रों के नाम भी दर्ज किए गए थे।
मामले की जांच के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने शिकायत को प्रथम दृष्टया सही पाया और कार्रवाई की संस्तुति की। निलंबित किए गए छात्रों में 10 छात्र वर्ष 2024 बैच के बताए जा रहे हैं। इसके अलावा दो रेजिडेंट छात्राओं को भी चेतावनी नोटिस जारी किया गया है।
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में रैगिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्रों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना संस्थान की प्राथमिकता है। प्रशासन ने सभी छात्रों को एंटी रैगिंग नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है।
मेडिकल कॉलेज में हुई इस कार्रवाई को रैगिंग के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं छात्रों और अभिभावकों ने भी प्रशासन के कदम का स्वागत करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।


