41 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

इटावा में छात्रों ने रचा सफलता का इतिहास, केमिस्ट्री गुरु जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में यूपी बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन

Must read

प्रवीन कुमार

इटावा/बकेवर | उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में इटावा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि में केमिस्ट्री के प्रख्यात शिक्षक जितेंद्र सिंह का मार्गदर्शन निर्णायक साबित हुआ, जिनकी प्रभावी शिक्षण शैली और समर्पण ने विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इस वर्ष के परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में किया गया प्रयास ही सफलता की असली कुंजी है। विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन, शिक्षकों से निरंतर संवाद और परीक्षा की सही रणनीति अपनाकर यह मुकाम हासिल किया। सफल छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए आने वाले परीक्षार्थियों को भी प्रेरित किया। श्वेता राजपूत ने बताया कि नियमित रूप से विद्यालय जाना, कठिन विषयों पर शिक्षकों से सलाह लेना और प्रश्नपत्र हल करने की सही तकनीक अपनाना उनकी सफलता का आधार रहा। दीपिका ने कहा कि सफलता शोर मचाने से नहीं, बल्कि शांत रहकर की गई मेहनत से मिलती है। वहीं कृष्णा ने आत्मविश्वास को सफलता की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वर्तमान में की गई मेहनत ही भविष्य तय करती है। इस सफलता में देवांश और शुभ चतुर्वेदी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर कॉलेज का मान बढ़ाया। जनता इंटर कॉलेज की छात्राएं अंशिका पाल और सानिया ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त अर्चना, साक्षी, कृष्णा, श्वेता राजपूत, दीपिका, आकांक्षा तिवारी, मोनिका, अंशिका और प्रिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मेधावियों की सूची में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

सभी सफल विद्यार्थियों ने एक स्वर में अपने गुरु जितेंद्र सिंह के योगदान को सराहा। उनका कहना है कि उन्होंने रसायन विज्ञान जैसे जटिल विषय को बेहद सरल और रोचक बना दिया। परीक्षा के दौरान दिए गए उनके महत्वपूर्ण सुझावों और मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाया और बेहतर परिणाम प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यार्थियों की इस सामूहिक सफलता पर क्षेत्र के अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों में खुशी का माहौल है। सभी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षक जितेंद्र सिंह के समर्पण और प्रयासों की सराहना की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article