फर्रुखाबाद। नगर के स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज ने इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर शिक्षा जगत में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों स्तरों पर छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और अनुशासन के दम पर बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रीता दुबे के अनुसार इस वर्ष इंटरमीडिएट का परिणाम 86.5 प्रतिशत और हाई स्कूल का परिणाम 90 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर और प्रेरणादायक है। यह आंकड़े न केवल विद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाते हैं, बल्कि छात्राओं की लगन और शिक्षकों के समर्पण का भी प्रमाण हैं।
हाई स्कूल परीक्षा में कीर्ति शर्मा ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा शगुन (78%), कीमती (78%) और मुस्कान (77%) ने भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया।
इंटरमीडिएट में अंशिका ने 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। वहीं यति (82%), प्रियंका मिश्रा (77%), कोमल और अनामिका (76-76%) तथा यशिका (76%) ने भी उल्लेखनीय सफलता दर्ज कराई।
प्रधानाचार्या रीता दुबे ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
विद्यालय प्रबंधक विनीत अग्निहोत्री और शिखा अग्निहोत्री ने भी छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है।


