प्रवीन कुमार
इटावा | जनपद इटावा में प्रस्तावित महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड से पूर्व फुल ड्रेस रिहर्सल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशिक्षु महिला आरक्षियों ने अनुशासन, एकरूपता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कठिन ट्रेनिंग की प्रभावी झलक प्रस्तुत की।
रिहर्सल के दौरान महिला आरक्षियों ने कदमताल, सलामी और परेड की विभिन्न गतिविधियों को पूरी सटीकता और समन्वय के साथ निभाया। उनके प्रदर्शन ने वहां मौजूद अधिकारियों को खासा प्रभावित किया।
पुलिस कप्तान बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने परेड स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वर्दी की एकरूपता, समयबद्धता और परेड की सटीकता पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही महिला आरक्षियों के अनुशासन और समर्पण की सराहना भी की।
रिहर्सल में महिला आरक्षियों ने पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। कदमताल की तालमेल और सलामी की गरिमा ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे आगामी पासिंग आउट परेड के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस सफल रिहर्सल के बाद अब सभी की निगाहें मुख्य पासिंग आउट परेड पर टिकी हैं, जहां ये महिला आरक्षी औपचारिक रूप से पुलिस बल का हिस्सा बनेंगी।


