लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी अब अपने सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय दिखाई दे रही है। इसी रणनीति के तहत 17 जून को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में ब्राह्मण समाज से जुड़े नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को आगामी चुनावी रणनीति और सामाजिक संदेश के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बैठक में ब्राह्मण समाज से आने वाले पार्टी के वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, पूर्व सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी नेतृत्व के साथ होने वाली इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक भागीदारी और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी दिवंगत समाजवादी नेता की जयंती को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। पार्टी इस आयोजन के माध्यम से ब्राह्मण समाज को विशेष राजनीतिक संदेश देने की रणनीति पर काम कर रही है। जनेश्वर मिश्र को समाजवादी विचारधारा का बड़ा चेहरा माना जाता रहा है और पार्टी उनके नाम के जरिए सामाजिक समावेश का संदेश देना चाहती है।
बैठक में जनेश्वर मिश्र जयंती समारोह के आयोजन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आयोजन समिति का गठन भी किए जाने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाने पर भी विचार कर सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण मतदाता हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी का यह कदम सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश ब्राह्मण समाज के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने और नए समीकरण तैयार करने की बताई जा रही है।


