नवाबगंज। नगर के शास्त्री नगर मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय दिनेश चंद्र नट की मंगलवार को मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि विकासखंड कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा गाली-गलौज और धक्का दिए जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ी और मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी किसी तहरीर मिलने की बात से इनकार किया है और मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, दिनेश चंद्र पिछले कुछ समय से बुखार से पीड़ित था। वह कस्बे में रहने वाले एक किन्नर के साथ ढोलक बजाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे उसके बच्चे पास स्थित विकासखंड कार्यालय परिसर में लकड़ियां बीनने गए थे। वहां मौजूद ब्लॉक कर्मी ने बच्चों को लकड़ियां बीनने से मना किया। आरोप है कि बच्चों के नहीं मानने पर कर्मचारी उन्हें डांटते हुए उनके घर तक पहुंच गया।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी हुई और ब्लॉक कर्मियों ने दिनेश चंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का दे दिया। इसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पत्नी पुष्पा और परिजनों ने ब्लॉक कर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
दिनेश चंद्र के परिवार में पत्नी पुष्पा के अलावा छह बच्चे हैं। इनमें 12 वर्षीय बेटा मोनू और पांच बेटियां हैं। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


