फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को दिल्ली में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी फर्रुखाबाद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आवास विकास स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया प्रतिमा स्थल पर एकत्र हुए सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ता लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, डॉ. जे.पी. वर्मा, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष सौरभ कटियार, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव, पूर्व राष्ट्रीय सचिव युवजन सभा विवेक सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जबकि कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग भी उठाई।


