नामची: सिक्किम (Sikkim) के नामची जिले के मामरिंग स्थित समरदुंग सुरंग में सोमवार को लैंडस्लाइड (Landslide) के बाद एंट्री गेट बंद हो गया। हादसे के बाद सुरंग के अंदर काम कर रहे 27 मजदूरों के फंसने की आशंका जताई गई है। इनमें से 10 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 3 मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं, 17 मजदूरों के अब भी सुरंग के भीतर फंसे होने की आशंका है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि फंसे मजदूरों की वास्तविक संख्या 27 से कम या अधिक भी हो सकती है।
हादसे के बाद सुरंग के भीतर मीथेन गैस लीक होने की आशंका ने बचाव अभियान को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल कई कर्मियों को अंदर जाने के दौरान चक्कर आने की शिकायत हुई, जबकि कुछ के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके चलते बचाव कार्य प्रभावित हुआ है।
बचावकर्मी गैस मास्क और सुरक्षा उपकरणों के साथ सुरंग में प्रवेश कर फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर एंबुलेंस भी तैयार रखी गई हैं। जिला अधिकारी तमलिंग के अनुसार, प्रशासन को सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बताया जा रहा है कि सुरंग में पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 मजदूरों के मौजूद होने की आशंका है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल से भी गैस-रोधी उपकरणों से लैस एक विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। समरदुंग सुरंग का निर्माण पटेल इंजीनियरिंग द्वारा तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के लिए किया जा रहा था। प्रशासन और बचाव एजेंसियां सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।


