27 C
Lucknow
Monday, August 31, 2026

2027 में सपा सरकार तय, भाजपा की साजिशों से सावधान रहें कार्यकर्ता : अखिलेश

Must read

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में जिला-महानगर अध्यक्षों और बूथ स्तर के पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को भाजपा की साजिशों से सावधान रहते हुए बूथ स्तर पर पूरी मजबूती से काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए परिवार को मजबूत कर सामाजिक न्याय की सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं का व्यवहार संयमित और भाषा मर्यादित होनी चाहिए। संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनना तय है और जनता पार्टी से बड़ी उम्मीदें लगाए हुए है।

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और अन्याय को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने को कहा। पुलिस हिरासत में मौत और कथित फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी।

उन्होंने किसानों को खाद और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने तथा युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर न मिलने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पास अब ज्यादा समय नहीं बचा है, फिर भी युवाओं को नौकरी देने के बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं।

26 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का वादा

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा सरकार बनने पर सभी बंद प्राथमिक विद्यालय दोबारा खोले जाएंगे और वहां सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी शिक्षक सभा बंद स्कूलों के सामने कार्यक्रम आयोजित करेगी।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत जिला-महानगर अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article