आपका जीवन देश के लिए अनमोल : अखिलेश यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आमरण अनशन को लेकर भावुक अपील की है। उन्होंने वांगचुक से स्वास्थ्य और जनहित को देखते हुए अनशन समाप्त करने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका जीवन केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता, पर्यावरण संरक्षण और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने विस्तृत संदेश में अखिलेश यादव ने कहा कि वह सोनम वांगचुक से सविनय अनुरोध करते हैं कि वह अपना आमरण अनशन तोड़ दें। उन्होंने लिखा कि वांगचुक का जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है, क्योंकि उनमें मानवता, पर्यावरण और लोकतंत्र के प्रति असाधारण समर्पण है।
इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरकार को जगाने के लिए सोनम वांगचुक अनशन पर बैठे हैं, वह संवेदनहीन और जनभावनाओं से कट चुकी है। उनके अनुसार ऐसी सरकार से त्याग, सत्याग्रह और नैतिक मूल्यों को समझने या हृदय परिवर्तन की अपेक्षा करना व्यर्थ है।
सपा प्रमुख ने अपने संदेश में कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए जनहित से अधिक सत्ता और धन महत्वपूर्ण हो गए हैं तथा युवाओं के भविष्य, उनके परिवारों की उम्मीदों और लोकतंत्र की रक्षा जैसे मुद्दों की उपेक्षा की जा रही है।
अखिलेश यादव ने ‘सत्याग्रह’ और ‘सत्ताग्रह’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग केवल सत्ता हासिल करने और उसे बनाए रखने की राजनीति करते हैं, वे सत्याग्रह की भावना और उसके महत्व को कभी नहीं समझ सकते। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनसंघर्षों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
अपने संदेश के अंत में अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक के साहस, नैतिक शक्ति और संघर्ष को देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कामना की कि वांगचुक स्वस्थ रहें और आगे भी लोकतंत्र, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं के अधिकारों तथा देशहित के लिए संघर्ष करने वालों का मार्गदर्शन करते हुए एक ‘प्रकाश स्तंभ’ की भूमिका निभाते रहें।


