इकरा हसन ने मंगलवार को सहारनपुर की कोतवाली सदर बाजार में पुलिस कार्रवाई के विरोध में धरना दिया। सपा कार्यकर्ताओं को जेल भेजे जाने से नाराज सांसद ने कहा कि जब तक सभी कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया जाएगा, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई।
धरने के दौरान एक महिला थाना प्रभारी द्वारा छूने पर इकरा हसन नाराज हो गईं। उन्होंने कहा, “हाथ मत लगाइए, इतनी हिम्मत नहीं है आपकी।” इस घटना के बाद कोतवाली परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक नोकझोंक चलती रही।
जानकारी के अनुसार सांसद इकरा हसन शामली के जसाला गांव निवासी मोनू कश्यप की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को लेकर पुलिस उप महानिरीक्षक से मिलने पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार के साथ संवेदनशील व्यवहार नहीं किया गया, जिसके विरोध में उन्होंने धरना शुरू किया।


