34 C
Lucknow
Tuesday, May 12, 2026

दहेज की मांग ने तोड़ी शादी, बारात आने से पहले रिश्ते में पड़ी दरार

Must read

फर्रुखाबाद, कायमगंज। दहेज प्रथा की कुरीति एक बार फिर एक परिवार की खुशियों पर भारी पड़ गई। शादी की तैयारियों के बीच अचानक अतिरिक्त नकदी की मांग किए जाने से विवाह समारोह संकट में पड़ गया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस से कर न्याय की गुहार लगाई है।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र निवासी एक परिवार ने अपनी बेटी का रिश्ता एटा जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र के युवक के साथ तय किया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद बीते दिनों तिलक कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। परिवार के लोगों के अनुसार तिलक में सामर्थ्य के अनुसार नकदी, बाइक, आभूषण व अन्य उपहार दिए गए थे। विवाह की तिथि 13 मई निर्धारित थी और घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थीं।
आरोप है कि शादी से ठीक पहले वर पक्ष की ओर से फोन कर अतिरिक्त तीन लाख रुपये की मांग रख दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि मांग पूरी न होने पर बारात नहीं लाई जाएगी। अचानक सामने आई इस मांग से कन्या पक्ष के होश उड़ गए। परिवार ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहते हुए असमर्थता जताई, लेकिन कथित रूप से वर पक्ष अपनी बात पर अड़ा रहा।
घटना के बाद परिवार में मायूसी छा गई और विवाह की खुशियां चिंता में बदल गईं। बेटी सहित परिजन मानसिक तनाव में बताए जा रहे हैं। इसके बाद पीड़ित पिता ने कायमगंज कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article