फर्रुखाबाद। यूजीसी रोलबैक के विरोध में गुरुवार को श्री राजपूत करणी सेना समेत विभिन्न सवर्ण संगठनों ने सवर्ण समाज की यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के जेएनवी रोड तिराहे से शुरू हुई यात्रा कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार को सौंपा।
यात्रा के दौरान फर्रुखाबाद पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह का काफिला भी प्रदर्शनकारियों के बीच रुका। मंत्री ने वाहन रुकवाकर प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह राठौड़ ने यूजीसी रोलबैक से जुड़ी मांगें उनके समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि मामला सवर्ण समाज के युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
इसके बाद विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्र सरकार से यूजीसी रोलबैक संबंधी निर्णय वापस लेने की मांग की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह राठौड़ ने कहा कि 29 जनवरी 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के आदेश में यूजीसी से संबंधित मामले को आगामी आदेश तक प्रभावी रूप से रोके रखने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से संबंधित यूजीसी व्यवस्था को लेकर भी अंतरिम आदेश का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से अपने निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि आंदोलन किसी राजनीतिक दल अथवा सरकार के विरोध में नहीं, बल्कि समाज और विद्यार्थियों के हितों को लेकर किया जा रहा है। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी भी दी गई।
मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगें सरकार तक पहुंचाने और उचित स्तर पर विचार कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सुशील सिंह चौहान, अधिवक्ता प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ब्रजेश सिंह, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विटाना देवी, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह राठौर, भईयन मिश्रा, सनी गुप्ता, शिवम गुप्ता प्रभाकर, धीरज पांडेय, पिंकू राठौर, कीर्तिवर्धन सिंह, अभिषेक सिंह, केशव राठौर समेत बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग मौजूद रहे।


