शमशाबाद, फर्रुखाबाद। विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते विद्युत उपकेंद्र हुसैनपुर तराई से संचालित ग्राम बेला सराय गजा में पिछले 12 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न आने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में टू-फेस और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे करीब आधा सैकड़ा परिवार प्रभावित हैं। बिजली न होने से घरेलू कामकाज के साथ-साथ किसानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से बिजली गुल होने के कारण ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत समस्या की जानकारी लाइनमैन को कई बार दी गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जेई जुनेद आलम से भी फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारी ही शिकायत सुनने को तैयार नहीं हैं, तो विद्युत समस्या का समाधान कैसे होगा। 12 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आपूर्ति बहाल न होने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के लिए मजबूर होंगे।
12 घंटे से बिजली गुल, जिम्मेदार अधिकारियों के फोन बंद


