शमशाबाद, फर्रुखाबाद। लगातार हुई बारिश के बाद ग्रामीण क्षेत्र के संपर्क मार्गों की हालत बद से बदतर हो गई है। कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, तो कहीं सड़क की सतह उखड़कर गिट्टों में तब्दील हो गई है। इन खस्ताहाल मार्गों से गुजरने वाले ग्रामीणों को हर कदम पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो ये मार्ग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
सरकार की मंशा है कि प्रत्येक गांव को मुख्य मार्ग से बेहतर संपर्क मार्ग के जरिए जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके लिए सरकार की ओर से संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों को सड़क निर्माण एवं मरम्मत के लिए करोड़ों रुपये का बजट उपलब्ध कराया जाता है। सड़क निर्माण और रखरखाव पर लगातार धनराशि खर्च होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में कई संपर्क मार्गों की जमीनी तस्वीर अलग नजर आ रही है।
क्षेत्र में गांव से लेकर मुख्य मार्गों तक जाने वाले कई संपर्क मार्ग वर्तमान में उबड़-खाबड़ हो चुके हैं। कहीं सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और गिट्टे बिखरे पड़े हैं, तो कहीं गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बारिश के बाद कई गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दुपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले वर्षों में कुछ जनप्रतिनिधियों की निधि से कई संपर्क मार्गों का निर्माण कराया गया था। समय बीतने के साथ इन सड़कों की हालत खराब होती चली गई। कई स्थानों पर डामर की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और उसकी जगह बड़े-बड़े गिट्टे दिखाई दे रहे हैं। कुछ मार्गों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जबकि कई जगह सड़क कट जाने के कारण रास्ते पहले की अपेक्षा काफी संकरे हो गए हैं।
फैज बाग से कुइयां संत रसूलपुर, सहसा और जगदीशपुर जाने वाला संपर्क मार्ग भी बदहाल सड़कों की सूची में शामिल है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग पहले से ही क्षतिग्रस्त था, लेकिन हाल में हुई तेज बारिश के बाद इसकी स्थिति और खराब हो गई। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।
इसी तरह कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित फैज बाग से कुइयां खेड़ा, पसियापुर और कुइयां धीर जाने वाला संपर्क मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। मार्ग पर बने गड्ढे आम लोगों के साथ दुपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। साइकिल सवारों को भी उबड़-खाबड़ सड़क के कारण संभलकर गुजरना पड़ता है।
गोविंदपुर असदुल्ला क्षेत्र में भी संपर्क मार्गों की हालत कुछ अलग नहीं है। मुख्य मार्ग से खुड़ना वैध जाने वाले संपर्क मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। कुछ स्थानों पर सड़क के नाम पर सिर्फ पत्थर और गिट्टे ही नजर आते हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिला पंचायत सदस्य की निधि से निर्मित कुइयां संतअदूदूपुर संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके अलावा पूर्व माध्यमिक विद्यालय रजलामई से फरीदपुर सैदवाड़ा जाने वाला संपर्क मार्ग भी लंबे समय से बदहाल स्थिति में बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का दौर समाप्त होने के बाद संबंधित विभाग को क्षेत्र के सभी क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत करानी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि जहां सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है, वहां नए सिरे से निर्माण कराया जाए और जहां गड्ढे हैं, उन्हें तत्काल भरवाया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
बरसात से बिगड़ी ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की सूरत, बड़े-बड़े गड्ढे दे रहे हादसों को दावत


