30 C
Lucknow
Thursday, May 14, 2026

नम आंखों से दी गई प्रतीक यादव को अंतिम विदाई

Must read

 

बेटियों को संभालते दिखे शिवपाल, भावुक हुए अखिलेश, ससुर ने दी मुखाग्नि

लखनऊ

समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। राजधानी लखनऊ के बैकुंठधाम में गुरुवार को पूरे राजनैतिक और यादव परिवार की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार का दर्द और गम हर चेहरे पर साफ दिखाई दिया। प्रतीक यादव के ससुर अरविन्द सिंह बिष्ट ने चिता को मुखाग्नि दी, जबकि अंतिम संस्कार के दौरान पूरा माहौल बेहद भावुक हो गया।

अंतिम यात्रा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव , चाचा शिवपाल सिंह यादव , धर्मेंद्र यादव समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। बैकुंठधाम में जैसे ही प्रतीक यादव की अर्थी पहुंची, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिवार के सदस्य खुद को संभाल नहीं पा रहे थे। सबसे मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला जब प्रतीक यादव की दोनों बेटियां पिता को अंतिम विदाई देने पहुंचीं और चाचा शिवपाल सिंह यादव उन्हें संभालते नजर आए।

पत्नी अपर्णा यादव भी अंतिम संस्कार के दौरान फूट-फूटकर रोती दिखाई दीं। परिवार के करीबी और समर्थक लगातार उन्हें ढांढस बंधाते रहे। भारी गमगीन माहौल के बीच अखिलेश यादव भी बेहद भावुक दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि प्रतीक एक सरल और मेहनती इंसान थे, जो अपनी मेहनत के दम पर बहुत कुछ हासिल करना चाहते थे।

गौरतलब है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव की अचानक मौत ने पूरे यादव परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी तबीयत रात से ही खराब थी और सुबह वह घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत के कारणों को लेकर जांच जारी है।

प्रतीक यादव भले ही सक्रिय राजनीति से दूर रहे, लेकिन मुलायम सिंह यादव परिवार का हिस्सा होने के कारण हमेशा चर्चा में बने रहे। उनके निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई थी। मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article